Bokaro: पृथ्वी दिवस के मौके पर जिले में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जोरदार पहल देखने को मिली। नमामि गंगे के तहत 14 अप्रैल से चल रहा मेगा स्वच्छता अभियान बुधवार को वाकाथान और गरगा नदी तट पर विशेष सफाई अभियान के साथ संपन्न हो गया। बोकारो एयरपोर्ट से गरगा पुल तक आयोजित वाकाथान ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

डीसी-मेयर ने किया श्रमदान, दिए अहम संदेश
समापन कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा, मेयर भोलू पासवान समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने खुद झाड़ू उठाकर श्रमदान किया। उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता को आदत बनाना होगा और बड़े स्तर पर वृक्षारोपण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी और वर्षा जल संचयन को अपनाना जरूरी है।
आदिवासी परंपरा से सीखने की अपील
उन्होंने प्रकृति के साथ संतुलन बनाने वाली आदिवासी जीवनशैली से प्रेरणा लेने पर जोर दिया। इस दौरान लोगों को जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।

स्कूलों में भी गूंजा ‘हमारी शक्ति, हमारा ग्रह’
शहर के स्कूलों में भी पृथ्वी दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। दिल्ली पब्लिक स्कूल में “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” थीम पर कार्यक्रम हुए, वहीं पेन्टिकॉस्टल असेंबली स्कूल में बच्चों ने सांस्कृतिक गतिविधियों और जागरूकता अभियानों के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
ईएसएल स्टील की हरित पहल
ESL Steel Limited ने भी पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कंपनी 70 हजार से अधिक पौधों के साथ मियावाकी फॉरेस्ट विकसित कर रही है, जो सालाना 1500 टन तक कार्बन अवशोषित कर सकता है। साथ ही जल प्रबंधन और जैव विविधता संरक्षण पर भी कार्य किया जा रहा है। उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी Ravish Sharma ने कहा कि कंपनी पर्यावरण और समाज पर सकारात्मक प्रभाव के लिए प्रतिबद्ध है।

