Bokaro: शहर के ट्रैफिक दबाव को कम करने और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर परियोजना अब जमीन पर उतरने के करीब है। एनएच-23 के सीवनडीह मोड़ से बीएस सिटी स्टेशन और जोधाडीह मोड़ से आईटीआई मोड़ तक फ्लाईओवर निर्माण की डीपीआर तैयार हो चुकी है। प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

सड़क सुरक्षा की बैठक
बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यह जानकारी सामने आई। उपायुक्त ने इस परियोजना को उच्च प्राथमिकता में रखते हुए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सीवनडीह मोड़ का संयुक्त निरीक्षण कर दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात प्रबंधन और स्कूल बस सुरक्षा पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा। बस चालकों के लाइसेंस सत्यापन, पुलिस वेरिफिकेशन और स्वास्थ्य जांच अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए।

रॉन्ग डायरेक्शन में चलने वाले
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग, गंदगी फैलाने और रॉन्ग डायरेक्शन में चलने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। ट्रैफिक पुलिस को विशेष अभियान चलाने को कहा गया। बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं देने की चेतावनी भी दी गई।
गुड समरिटन को सम्मानित
बैठक में शहरी यातायात सुधार, वैकल्पिक सड़क निर्माण, एंबुलेंस सेवा की सक्रियता और ढाबों में छापेमारी जैसे मुद्दों पर भी दिशा-निर्देश दिए गए। अंत में सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वाले गुड समरिटन को सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें, तभी सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी।

