Bokaro: जिले के चरगी घाटी स्थित रजरप्पा मोड़ के पास बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पेटरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

ट्रक और टैंकर में आमने-सामने टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोकारो-रामगढ़ एनएच-23 पर एक ट्रक और टैंकर की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक चालक केबिन में ही फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ऑटो भी आया चपेट में
इसी दौरान पेटरवार से गोला जा रहा सवारियों से भरा ऑटो भी हादसे की चपेट में आ गया। ऑटो चालक रविंद्र करमाली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और एक मासूम बच्ची शामिल हैं।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, जाम की स्थिति
सूचना मिलते ही पेटरवार पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी से चालक को बाहर निकाला। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है।
ग्रामीणों में आक्रोश
स्थानीय लोगों ने लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर नाराजगी जताई और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।

