Bokaro: झारखंड पात्रता परीक्षा 2024 के सफल और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। गुरुवार को शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आयोग द्वारा जारी एसओपी का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें।

एसओपी पालन पर जोर
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में एसओपी से बाहर कोई कार्य नहीं होना चाहिए। सभी अधिकारी अपने दायित्वों को समझकर पूरी सतर्कता और ईमानदारी से निर्वहन करें, ताकि बोकारो की छवि पर कोई आंच न आए।
अनुशासन और निगरानी के निर्देश
परीक्षा कक्ष में पूर्ण अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अनावश्यक बातचीत पर रोक रहेगी और वीक्षकों को सख्ती से निगरानी करने को कहा गया है। पिछले अनुभवों से सीख लेकर इस बार स्मार्ट तरीके से व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया गया।

होटल-लॉज में छापेमारी
कदाचार रोकने के लिए परीक्षा से पहले होटल, लॉज और ठहराव स्थलों पर विशेष छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यालय डीएसपी अनिमेश गुप्ता ने दंडाधिकारी-पुलिस समन्वय को अहम बताया और मोबाइल के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध की बात कही।
51 केंद्रों पर 22,404 परीक्षार्थी
जिले में कुल 51 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 22,404 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा एक पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी और बायोमैट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
परीक्षा केंद्रों पर समय से गेट खुलेंगे, पहचान पत्र की जांच और फ्रिस्किंग की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों के लिए महिला पुलिस बल तैनात रहेगा। उपायुक्त ने अंत में टीमवर्क के साथ निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने का आह्वान किया।

