Bokaro: शहर के DPS स्कूल के कैंटीन पर छापेमारी के बाद विवाद गहरा गया है। डीपीएस प्रबंधन ने कार्रवाई को पूर्वाग्रहपूर्ण बताते हुए आउटसोर्सिंग का हवाला दिया है, वहीं प्रशासन ने गंभीर अनियमितताओं के आधार पर कैंटीन को सील किया। खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

प्रबंधन ने कार्रवाई पर उठाए सवाल
डीपीएस स्कूल प्रबंधन ने साफ कहा है कि कैंटीन का संचालन पूरी तरह आउटसोर्सिंग के तहत होता है और विद्यालय की इसमें कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं है। प्रसाशनिक टीम द्वारा बदसलूकी किए जाने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे पूरी कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। डीपीएस प्रबंधन का कहना है कि – “छापेमारी की उक्त कार्रवाई कहीं न कहीं पूर्वाग्रह से प्रेरित है। स्कूल प्रबंधन के लोगों ने जब छापामारी आदेश की प्रति मांगी, तो उनके साथ बदसलूकी की गई। कोई आधिकारिक ऑर्डर दिखाए बिना जबरन ताला जड़ दिया गया।”
प्रशासन का दावा- निरीक्षण में मिली गंभीर खामियां
वहीं दूसरी ओर प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद के निर्देश पर की गई। कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी की मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गुलाब लकड़ा, पुलिस बल व टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कैंटीन में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। FSSAI लाइसेंस का अभाव, विद्यालय की ओर से अधिकृत पत्र नहीं होना, परिसर में गंदगी, मेडिकल फिटनेस की कमी और बिना ग्लव्स व हेड कवर के काम करना प्रमुख खामियां रहीं। इसके अलावा एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री भी बरामद की गई।

नमूने जांच के लिए भेजे, रिपोर्ट का इंतजार
खाद्य सुरक्षा विभाग ने हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर, वनस्पति तेल और दही के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की सख्त कार्रवाई तय की जाएगी।
बाधा के बीच पुलिस की मौजूदगी में सीलिंग
छापामारी टीम के द्वारा बताया गया कि – “स्कूल शिक्षक एवं प्रबंधन सदस्यों द्वारा निरीक्षण के कार्य में काफी व्यवधान पैदा किया गया। तदोपरान्त कार्यपालक दण्डाधिकारी एवं स्थानीय पुलिस पदाधिकारी व बल के सहयोग से उपरोक्त के उल्लघंन में निर्देशनुसार कैंटीन को अगले आदेश तक खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी द्वारा गवाहों की उपस्थिति में सील किया गया।”
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गुलाब लकड़ा के द्वारा बताया गया कि निरीक्षण के दौरान व्यवसाय स्थल से खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 एवं नियम/विनियम 2011 के प्रावधानों / Schedule IV का उल्लघन के साथ -साथ निम्न कमियां पाई गई।
- FSSAI License/Registration नहीं पाया गय।
- विद्यालय प्रशासन के द्वारा निर्गत किसी प्रकार प्राधिकृत पत्र (Authority Letter) नहीं पाया गया।
- खाद्य करोवारकत्ताओं का Pest Control, Medical Fitness नहीं पाया गया, परिसर में गंदगी का अम्बार पाया गया साथ ही कैंटिन में कार्यरत कर्मीयों Head Mask, Head Gloves Etc. नहीं पाया गया।
- Lilon’s Classic Mixed Pickle आचार एवं Testy Pixel (Vegetarian Mayonnaise) Expired Product पाया गया।

