Bokaro: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड यानी (SAIL) ने अपने नॉन-एक्जीक्यूटिव कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा की है। कंपनी ने जूनियर मैनेजर पदों पर पदोन्नति के लिए आंतरिक सर्कुलर जारी किया है। यह प्रमोशन 30 जून 2026 से प्रभावी होगा। इसके तहत सभी संयंत्रों और इकाइयों में इच्छुक एवं पात्र कर्मचारियों से आवेदन मांगे गए हैं। कंपनी के मानव संसाधन विभाग द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, यह पदोन्नति नॉन-एक्जीक्यूटिव से एक्जीक्यूटिव कैडर में जाने का अवसर प्रदान करेगी। यह प्रक्रिया मौजूदा नीति और नियमों के तहत संचालित होगी।

कौन होंगे पात्र कर्मचारी
सर्कुलर के मुताबिक, S6 या उससे ऊपर के ग्रेड में कार्यरत कर्मचारी, जो 30 जून 2026 तक निर्धारित सेवा अवधि पूरी कर लेंगे, आवेदन कर सकेंगे। तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों वर्गों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताएं तय की गई हैं। तकनीकी वर्ग में इंजीनियरिंग डिग्री या समकक्ष योग्यता वाले कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं गैर-तकनीकी वर्ग में प्रोफेशनल डिग्री, बीएससी, डिप्लोमा, ग्रेजुएशन या समकक्ष योग्यता रखने वाले कर्मचारी पात्र होंगे।
10 साल की सेवा और 2 साल शेष होना जरूरी
आवेदन करने वाले कर्मचारियों के लिए कंपनी में कम से कम 10 वर्षों की निरंतर सेवा अनिवार्य की गई है, जिसमें प्रशिक्षण अवधि भी शामिल होगी। इसके अलावा 30 जून 2026 तक कर्मचारी के पास कम से कम दो वर्ष की शेष सेवा होनी चाहिए।

स्ट्रीम बदलने का भी मौका
कंपनी ने कर्मचारियों को तकनीकी और गैर-तकनीकी स्ट्रीम के बीच विकल्प चुनने की भी छूट दी है। यदि कर्मचारी संबंधित योग्यता रखते हैं, तो वे दूसरी स्ट्रीम में प्रमोशन के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि इसके लिए उन्हें उसी स्ट्रीम की परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी।
24 अप्रैल तक की योग्यता ही मान्य
साफ किया गया है कि केवल 24 अप्रैल 2026 तक की मान्य शैक्षणिक योग्यता ही स्वीकार की जाएगी। जिन उम्मीदवारों के परीक्षा परिणाम लंबित हैं, उन्हें इस प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा। यह सर्कुलर SAIL के कर्मचारियों के लिए करियर ग्रोथ का अहम अवसर माना जा रहा है। इससे विभिन्न इकाइयों, खासकर बोकारो जैसे बड़े प्लांटों में उत्साह का माहौल है।

