Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) की ओर से 26 अप्रैल 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाले एक दिवसीय ‘Art and Science Street’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। यह अनूठा आयोजन पहली बार सेक्टर-4 स्थित गांधी चौक से बोकारो मॉल तक जाने वाली मुख्य सड़क पर शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक होगा। शहरवासियों को कला, विज्ञान और नवाचार का दुर्लभ संगम देखने को मिलेगा।

स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
इस कार्यक्रम का उद्देश्य कला एवं विज्ञान के प्रति जन-रुचि बढ़ाना और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने का अवसर देना है। “Promote, Encourage and Connect” थीम पर आधारित यह आयोजन कलाकारों, कारीगरों, वैज्ञानिक सोच रखने वाले युवाओं और आम नागरिकों के बीच रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देगा।
50 से अधिक स्टॉल्स की हो चुकी बुकिंग
कार्यक्रम को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह है। अब तक 50 से अधिक स्टॉल्स की बुकिंग हो चुकी है। इनमें हस्तशिल्प, हस्तनिर्मित उत्पाद, पेंटिंग, स्केचिंग, पोर्ट्रेट आर्ट, वॉल आर्ट और सजावटी कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगेगी। विज्ञान से जुड़े इनोवेटिव मॉडल भी आकर्षण का केंद्र होंगे।

फूड स्टॉल्स भी बढ़ाएंगे रौनक
बीएसएल कर्मी और उनके परिवार भी सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं। शहरवासी यहां खरीदारी के साथ-साथ फूड स्टॉल्स पर स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद भी ले सकेंगे। यह पहल बोकारो इस्पात संयंत्र की सामुदायिक उत्तरदायित्व और समावेशी विकास की सोच को दर्शाती है। बीएसएल ने शहरवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

