Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) में स्वच्छता और कार्यस्थल प्रबंधन को नई दिशा देते हुए CO&CC विभाग ने कोक ओवन बैटरी संख्या 7 और 8 के समीप स्थित स्क्रैप-डंपिंग क्षेत्र का कायाकल्प कर दिया है। पहले यह इलाका भारी धातु अवशेष, पाइप और जर्जर संरचनाओं से भरा हुआ था, जिससे सुरक्षा और संचालन में कई चुनौतियां सामने आ रही थीं।

वैज्ञानिक तरीके से हुआ स्क्रैप का निष्पादन
पुनर्विकास कार्य के तहत स्क्रैप का वैज्ञानिक ढंग से पृथक्करण और निष्पादन किया गया। विभागीय संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए पूरे क्षेत्र का समतलीकरण, व्यापक सफाई और सुरक्षा मानकों के अनुरूप बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई। इससे क्षेत्र को सुरक्षित और व्यवस्थित स्वरूप मिला।
कर्मियों के लिए बढ़ीं सुविधाएं
कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां व्यवस्थित बाइक स्टैंड और पेयजल की समुचित व्यवस्था भी की गई है। इस बदलाव से न केवल संभावित जोखिम कम हुए, बल्कि कार्यस्थल की उपयोगिता और सौंदर्य में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ।

हरित पहल के साथ उद्घाटन
नव विकसित स्थल के औपचारिक उद्घाटन के अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने वृक्षारोपण भी किया। यह कदम पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति संयंत्र की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह पहल औद्योगिक परिसर में उच्च स्तरीय हाउसकीपिंग और सुरक्षित कार्यसंस्कृति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

