दो चरणों में चलेगा जनगणना अभियान, मई 2026 से होगी शुरुआत
Bokaro: देश की विकास योजनाओं और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के लिए होने वाली जनगणना 2027 इस बार कई मायनों में खास होगी। यह देश की 16वीं तथा स्वतंत्रता के बाद की 8वीं जनगणना होगी, जिसे पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न किया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त अजय नाथ झा ने शनिवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी।

उन्होंने बताया कि जनगणना का कार्य दो चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण में 1 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जबकि 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य किया जाएगा। दूसरे चरण में 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 के बीच जनसंख्या गणना का कार्य संभावित है।
जिले में 12 चार्ज, बीएस सिटी को मिला अलग दर्जा
उपायुक्त ने बताया कि जिले में कुल 12 चार्ज निर्धारित किए गए हैं। इनमें 9 ग्रामीण, 2 शहरी और 1 चास नगर निगम का अलग चार्ज शामिल है। खास बात यह है कि पहली बार बोकारो स्टील सिटी टाउनशिप को अलग चार्ज ऑफिस का दर्जा मिला है। जिला प्रशासन की पहल पर 28 अप्रैल 2026 को भारत सरकार के जनगणना निदेशालय से इसकी स्वीकृति प्राप्त हुई। इसके चार्ज पदाधिकारी अंचलाधिकारी चास होंगे।

मोबाइल एप और पोर्टल से होगी पूरी निगरानी
जनगणना कार्य के दौरान प्रगणक विशेष मोबाइल एप के माध्यम से घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। वहीं पूरी प्रक्रिया की निगरानी सीएमएमएस पोर्टल से की जाएगी। नागरिक स्व-गणना के तहत आधिकारिक पोर्टल पर स्वयं अपने परिवार और आवास से जुड़े 33 प्रश्नों के उत्तर दर्ज कर सकेंगे।
गोपनीय रहेगी जानकारी, साइबर ठगी से रहें सतर्क
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जनगणना में दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रहेंगी और उनका उपयोग केवल सरकारी आंकड़ों के लिए होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी फोन कॉल, ओटीपी या बैंक डिटेल के जरिए मांगी गई जानकारी साझा न करें। जनगणना के नाम पर कोई भुगतान न करें और केवल अधिकृत प्रगणकों को ही जानकारी दें।
जिले में व्यापक तैयारियां पूरी
वरीय नोडल पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी ने बताया कि जिले में 3782 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स बनाए गए हैं। इसके लिए 678 सुपरवाइजर और 4039 प्रगणकों की तैनाती की गई है। प्रशिक्षण कार्य भी तेजी से चल रहा है, ताकि अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

