Bokaro: बोकारो एयरपोर्ट संचालन को लेकर जिला प्रशासन की सख्ती अब जमीन पर दिखने लगी है। उपायुक्त बोकारो की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद बोकारो स्टील प्लांट (BSL) ने दुंदीबाग क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। प्रशासन ने बीएसएल को 15 मई तक क्षेत्र की बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने तथा पुलिस पिकेट निर्माण की दिशा में त्वरित कार्रवाई करने को कहा था।

दुंदीबाग में माइकिंग, लोगों को खाली करने का निर्देश
डीसी के निर्देश के बाद शनिवार को बीएसएल प्रबंधन ने दुंदीबाग बाजार क्षेत्र में माइकिंग कर लोगों को तत्काल स्थल खाली करने का निर्देश दिया। यह कार्रवाई प्रस्तावित प्रीकास्ट बाउंड्री वॉल निर्माण के मद्देनजर की जा रही है, ताकि एयरपोर्ट परियोजना से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
4 मई से शुरू होगा बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य
बीएसएल के महाप्रबंधक प्रभारी (सुरक्षा) आलोक चावला के अनुरोध पर अनुमंडल प्रशासन, चास ने 4 मई 2026 से दुंदीबाग बाजार में प्रीकास्ट बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है। इस दौरान दो अधिकारियों को प्रभारी दंडाधिकारी के रूप में तैनात किया गया है। वहीं एक आवासीय दंडाधिकारी पूरे अभियान की वरीय प्रभार में रहेंगी।

पुलिस और प्रशासन मिलकर संभालेंगे मोर्चा
थाना प्रभारी, बीएस सिटी को निर्देश दिया गया है कि वे प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विधि-व्यवस्था बनाए रखें। साथ ही बीएसएल प्रबंधन भी प्रशासन के साथ समन्वय कर निर्माण कार्य में आवश्यक सहयोग देगा।
एयरपोर्ट परियोजना को लेकर बढ़ी हलचल
दुंदीबाग क्षेत्र में यह कार्रवाई बोकारो एयरपोर्ट परियोजना को गति देने की दिशा में अहम मानी जा रही है। प्रशासन और बीएसएल की संयुक्त पहल से अब यह संकेत मिल रहा है कि लंबे समय से लंबित एयरपोर्ट संचालन को लेकर तैयारियां निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी हैं।

