Under Operation Narcos, RPF recovered 11.17 kg of ganja worth around Rs 5.58 lakh from an unclaimed trolley bag on Bhubaneshwar -Dhanbad Express at Bokaro Steel City Railway Station. Despite questioning passengers, no claimant emerged, raising suspicion of organised smuggling.
Bokaro: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बोकारो स्टील सिटी रेलवे स्टेशन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कुल मात्रा 11.170 किलोग्राम बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5.58 लाख रुपये है।

संदिग्ध ट्रॉली बैग से खुला राज
RPF बोकारो पोस्ट के ऑफिसर इंचार्ज संतोष कुमार ने कहा कि, 4 मई 2026 को ट्रेन संख्या 18403 (भुवनेश्वर-धनबाद एक्सप्रेस) के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंचने के बाद RPF टीम ने जांच अभियान चलाया। इसी दौरान S-8 और जनरल कोच के बीच एक लावारिस नीले रंग का ट्रॉली बैग संदिग्ध अवस्था में मिला। आसपास के यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई भी बैग का दावा करने सामने नहीं आया।
चार पैकेट में मिला गांजा
बैग को प्लेटफॉर्म पर लाकर अधिकारियों की मौजूदगी में जांच की गई। इसमें ब्राउन टेप से लिपटे चार पैकेट बरामद हुए। एक पैकेट खोलने पर उसमें गांजा होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पूरी की गई।

मामला दर्ज़
बरामद गांजा को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपीएस बोकारो को सौंप दिया गया है। इस संबंध में कांड संख्या 11/2026, दिनांक 4 मई 2026 को NDPS एक्ट की धारा 20(B)(ii)B के तहत मामला दर्ज किया गया है। RPF की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ सफलता माना जा रहा है।

