Bokaro: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय निर्देश पर बोकारो जिला एवं महानगर समिति के संयुक्त तत्वावधान में जिला मुख्यालय के समक्ष केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों और लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई।

धरने को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेपरवाह है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई और घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी ने गरीब, ठेला-खोमचा चलाने वाले और छोटे दुकानदारों की कमर तोड़ दी है।
वहीं महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव संपन्न होते ही सरकार ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 993 रुपये की भारी वृद्धि कर दी, जिसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और आम आयोजनों पर पड़ेगा तथा महंगाई और बढ़ेगी।

धरना में केंद्रीय सदस्य बीके चौधरी, अखिलेश महतो, अशोक मुर्मू सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा जब तक महंगाई पर नियंत्रण नहीं लगाया जाता।

