Bokaro deputy commissioner reviewed airport expansion work and directed agencies to complete runway-side bush clearance within 15 days. Officials stressed coordinated efforts to ensure early flight operations and accelerate regional development.
Bokaro: बोकारो हवाई अड्डा विस्तारीकरण कार्यों की प्रगति को लेकर गुरुवार को बोकारो परिसदन सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एयरपोर्ट से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित विभागों को तय समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि बोकारो से जल्द हवाई सेवा शुरू करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट परियोजना जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने बीएसएल प्रबंधन को रनवे के दोनों ओर 75 मीटर क्षेत्र में झाड़ियों की कटाई और साफ-सफाई का कार्य अगले 15 दिनों के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उड़ान संचालन में किसी तरह की बाधा नहीं होनी चाहिए, इसलिए सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।

समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, बीएसएल प्रतिनिधि ए.के. तिवारी, एएआई रांची के उप महाप्रबंधक मनोज कुमार, नगर डीएसपी आलोक रंजन, डीपीआरओ रवि कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी समेत कई संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

