Bokaro : बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने उसके बेटे के दो नाबालिग दोस्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। दोनों आरोपित उसी स्कूल में पढ़ते हैं। पुलिस ने एक आरोपित को पकड़ लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

रुपये की जरूरत पड़ी तो सामने आई सच्चाई
शिकायतकर्ता ने बताया कि घर में पैसों की जरूरत पड़ने पर उन्होंने आलमारी में रखे गहने और 30 हजार रुपये नकद तलाशे, लेकिन दोनों गायब मिले। शक होने पर बेटे से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसके बाद उसने पूरी घटना स्वीकार कर ली।
व्हाट्सएप डीपी देखकर शुरू हुई धमकी
दसवीं में पढ़ने वाले छात्र ने बताया कि उसके सहपाठी ने उसकी मां की व्हाट्सएप डीपी देखी थी, जिसमें वह गहने पहने नजर आ रही थीं। इसके बाद आरोपित छात्र उसे लगातार धमकाने लगा और गहने लाने का दबाव बनाने लगा।

वीडियो बनवाकर छिपाने की कोशिश
पीड़ित छात्र ने बताया कि 18 दिसंबर 2025 से 13 जनवरी 2026 के बीच करीब 1.70 ग्राम गहने चोरी से मंगवाए गए। आरोपितों ने एक वीडियो भी बनवाया, जिसमें जबरन कहलवाया गया कि उन्होंने कोई गहना नहीं लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

