Bokaro: बोकारो शहर के सेक्टर 12-A स्थित काली मंदिर के पास शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बोकारो एयरपोर्ट से सटी अवैध बस्ती को हटाने पहुंची बीएसएल सिक्योरिटी टीम पर अचानक पथराव शुरू हो गया। घटना में दो होमगार्ड जवान घायल हो गए, जबकि कई अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) में भर्ती कराया गया।

जवानों को बचाने में जुटे रहे अधिकारी
घायल जवानों की पहचान अकरम अंसारी और बबलू के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पथराव के दौरान बीएसएल सिक्योरिटी के नवीन कुमार बाल-बाल बच गए। उनके बेहद करीब बड़े पत्थर गिरे, लेकिन उन्होंने खुद की परवाह किए बिना जवानों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और घायलों को अस्पताल भेजने में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस कार्रवाई पर मंथन
घटना के बाद बीएसएल सिक्योरिटी इंचार्ज आलोक चावला, लॉ डिपार्टमेंट और नगर प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की कानूनी कार्रवाई पर चर्चा की गई। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी चल रही है।

चल रहा था अभियान
जानकारी के अनुसार, डीसी बोकारो अजय नाथ झा के निर्देश पर एयरपोर्ट से सटे अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा था। प्रशासन का उद्देश्य एयरपोर्ट क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ाने के लिए वहां बॉउंड्रीवॉल निर्माण करना है। बीएसएल के प्रवक्ता मणिकांत धान ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि एयरपोर्ट बॉउंड्रीवॉल से सटी अवैध बस्ती हटाने गई बीएसएल सिक्योरिटी टीम पर पथराव किया गया।

