Bokaro : बोकारो पुलिस ने शहर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया है। उसके पास से सेक्टर-06 थाना क्षेत्र से चोरी गई दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पूछताछ में बालक ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, वहीं पुलिस को अन्य आरोपितों के नाम भी बताए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

जानकारी के अनुसार, 6 मई और 8 मई 2026 को सेक्टर-06 थाना क्षेत्र से मोटरसाइकिल संख्या JH09T-9248 पैशन प्रो तथा हीरो होंडा मोटरसाइकिल संख्या JH09AP-2511 चोरी होने के मामले दर्ज किए गए थे। एक मामला सेक्टर-06/ए क्वार्टर संख्या-3254 निवासी ब्रज नंदन प्रसाद की शिकायत पर दर्ज हुआ था, जबकि दूसरे मामले में मजदूरी करने वाले एक व्यक्ति ने बाइक चोरी की प्राथमिकी कराई थी।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम में सिटी थाना, सेक्टर-04, सेक्टर-06, सेक्टर-12 और हरला थाना की पुलिस को शामिल किया गया।

गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी की गई पैशन प्रो बाइक को सिटी कॉलेज के आगे कब्रिस्तान के पास से तथा दूसरी बाइक को केंद्रीय विद्यालय बालीडीह के समीप जंगल क्षेत्र से बरामद किया।
छापेमारी दल में पु.अ.नि. प्रभात कुमार, स.अ.नि. रामराज महतो, स.अ.नि. तारकेश्वर राम, गृह रक्षक संतोष कुमार सिंह एवं चिंटू यादव शामिल थे।

