Traffic movement on the Talgaria-Manpur route in Bokaro will remain restricted on May 14 due to railway doubling work. Authorities issued a traffic advisory, with alternative routes arranged for heavy and light vehicles.
Bokaro: बोकारो में रेलवे दोहरीकरण कार्य को लेकर 14 मई 2026 को तलगड़िया-मानपुर मार्ग के बीच यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी चास द्वारा जारी आदेश के अनुसार सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक संबंधित मार्ग पर यातायात नियंत्रित रहेगा।

रेलवे निर्माण कार्य के कारण लिया गया निर्णय
दक्षिण पूर्व रेलवे, बोकारो के उप मुख्य अभियंता (निर्माण) की ओर से जारी पत्र के आलोक में यह निर्णय लिया गया है। रेलवे प्रशासन ने दोहरीकरण कार्य के दौरान सड़क यातायात को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है।
पुल संख्या-423 रहेगा पूरी तरह बंद
जारी आदेश के मुताबिक पुल संख्या-423 ए एनएचएस को निर्धारित अवधि के दौरान पूरी तरह बंद रखा जाएगा। वहीं वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पुल संख्या-421 ए एनएचएस से केवल छोटे और हल्के वाहनों के परिचालन की अनुमति दी गई है।

भारी वाहनों के लिए तय किया गया वैकल्पिक मार्ग
भारी वाहनों के आवागमन के लिए मानपुर-चन्दनकियारी होते हुए जोधाडीह मोड़ तक वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग का पालन करने की अपील की है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
कई अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
विधि-व्यवस्था संधारण के लिए अंचल अधिकारी चन्दनकियारी रवि कुमार आनंद को संपूर्ण प्रभार सौंपा गया है। वहीं पुलिस उपाधीक्षक यातायात, बोकारो को रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर यातायात नियंत्रण और वैकल्पिक मार्ग व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा थाना प्रभारी चास नगर, चन्दनकियारी, बनगड़िया और अमलाबाद ओपी को भी आवश्यक सहयोग एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश जारी किया गया है।

