Bokaro: राज्य में पानी और बिजली संकट को लेकर भाजपा ने सोमवार को बोकारो में जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा बोकारो जिला कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीसी ऑफिस के बाहर धरना-प्रदर्शन कर उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा। पार्टी ने इस आंदोलन को जन आंदोलन का रूप देने का दावा किया।

प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन भी शामिल हुए। उन्होंने हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और जनता को मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। उन्होंने कहा कि जो सरकार लोगों को बिजली और पानी नहीं दे सकती, वह जनता का भला भी नहीं कर सकती।
चंपाई सोरेन ने राज्य की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। साथ ही दावा किया कि जिस तरह बंगाल में बदलाव हुआ, उसी तरह झारखंड में भी जनता भाजपा के साथ मिलकर सत्ता परिवर्तन करेगी।


