Bokaro: बोकारो हवाई अड्डे से उड़ान सेवा शुरू कराने की कवायद के बीच एयर सेफ्टी से जुड़ा एक अहम काम पूरा कर लिया गया है। एयरपोर्ट क्षेत्र के पास स्थित सतनपुर पहाड़ी में विमान परिचालन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए obstacle लाइट लगा दी गई है। यह व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से कराई गई है, जिसके लिए बोकारो विधायक Shwettaa Singh ने अपने विधायक निधि से राशि उपलब्ध कराई थी।

सोलर पैनल आधारित
जानकारी के अनुसार, इस कार्य पर करीब 1.16 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। पूरी व्यवस्था सोलर पैनल आधारित बनाई गई है, ताकि बिना निर्बाध बिजली आपूर्ति के भी लाइट लगातार संचालित होती रहे। विमानन सुरक्षा मानकों के तहत ऊंची पहाड़ियों, टावरों और अन्य संरचनाओं पर आब्स्ट्रक्शन लाइट लगाना जरूरी माना जाता है। इससे रात के समय विमान चालकों को संभावित अवरोधों की स्पष्ट जानकारी मिलती है और विमान संचालन अधिक सुरक्षित बनता है।
एयरपोर्ट के आसपास
बताया गया कि इससे पहले बोकारो स्टील प्लांट क्षेत्र के भीतर स्थित ऊंची चिमनियों पर भी आब्स्ट्रक्शन लाइट लगाई जा चुकी है। अब जिला प्रशासन की ओर से एयरपोर्ट के आसपास आवश्यक स्थलों पर भी यह सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली गई है।

एयर सेफ्टी
हालांकि, लाइट की सुरक्षा और नियमित रखरखाव को लेकर अभी स्थायी व्यवस्था किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि बोकारो एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू होने से पहले एयर सेफ्टी से जुड़े सभी मानकों को पूरा करना बेहद जरूरी है।

