Bokaro: गोमिया विधानसभा समेत पूरे बोकारो जिले की राजनीति के लिए मंगलवार की सुबह बेहद दुखद खबर लेकर आई। बिहार एवं झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और गोमिया के पूर्व विधायक माधवलाल सिंह का रांची स्थित पल्स अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और रांची में उनका इलाज जारी था। मंगलवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से गोमिया क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक जगत को बड़ी क्षति मानी जा रही है।
माधवलाल सिंह लंबे समय तक सक्रिय राजनीति और जनसेवा से जुड़े रहे। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने गोमिया क्षेत्र की जनता के बीच एक सरल, संघर्षशील और लोकप्रिय जननेता के रूप में पहचान बनाई। क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को लेकर उनकी सक्रिय भूमिका को लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।

उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और समर्थकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। लोगों ने दिवंगत नेता को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।

