Bokaro: ज़िले के बालीडीह थाना क्षेत्र में महिला के घर में घुसकर चोरी और छेड़खानी की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और लाल मिर्च से आधा भरा प्लास्टिक का डिब्बा बरामद किया है।

चोरी की नीयत से घर में घुसा और की छेड़खानी
पुलिस के अनुसार, महिला ने 5 मई को बालीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि 2 मई की रात वह परिवार के साथ घर में सो रही थी। इसी दौरान एक युवक चोरी की नीयत से घर में घुस गया। अंधेरे का फायदा उठाकर उसने महिला के साथ छेड़खानी की कोशिश भी की। महिला की नींद खुलने पर उसने शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी घर में रखा मोबाइल फोन और दो हजार रुपये लेकर फरार हो गया।

अगले दिन मोबाइल घर के बाहर फेंका मिला
महिला ने बताया कि अगले दिन चोरी किया गया मोबाइल उसके घर के बाहर फेंका हुआ मिला। घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर पड़ोस में रहने वाला शशि शर्मा मोबाइल फेंककर भागता दिखाई दिया। इसके बाद महिला ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
मामले में बालीडीह थाना कांड संख्या 79/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
CCTV फुटेज
गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को पुलिस ने आरोपी शशि शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शशि शर्मा के खिलाफ पहले भी चोरी के दो मामले दर्ज हैं। छापेमारी टीम में अविनाश कुमार गौतम, नित्यानंद भोक्ता, जितेंद्र कुमार यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

