Bokaro: शहर के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र सिटी सेंटर में हुई चेन छिनतई की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए महाराष्ट्र के आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामदगी में सोने की चेन, बाइक और मोबाइल शामिल हैं। आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस की कार्रवाई जारी है और मामले की गहन जांच चल रही है।

चेन स्नैचिंग उसका धंधा
गिरफ्तार आरोपी भारत गुरुदास वासवाणी, जो महाराष्ट्र के अमरावती का निवासी है, से पूछताछ में कई अहम जानकारियाँ सामने आई हैं। उसने सेक्टर-4 थाना प्रभारी संजय कुमार को बताया कि उसका मुख्य काम चेन स्नैचिंग करना है। वह बाइक से एक शहर से दूसरे शहर घूमते हुए आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता हुआ बोकारो पहुँचा था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह एक कुख्यात अपराधी है। हालांकि पूछताछ में उसने किसी साथी की संलिप्तता से इनकार किया है, लेकिन पुलिस उसके बयान पर पूरी तरह भरोसा नहीं कर रही है और मामले की तह तक पहुँचने के लिए अपना सूचना तंत्र और अधिक सक्रिय कर दिया है।
घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय इनपुट के आधार पर जांच तेज की। इसी क्रम में एक संदिग्ध की पहचान की गई, जिसे भागने के क्रम में 12 मई को ही पुलिस ने दबोच लिया।

महाराष्ट्र का शातिर अपराधी गिरफ्तार
भारत गुरुदास वासवाणी (उम्र करीब 42 वर्ष) ग्राम सिंधुनगर, थाना फेजरपुरा, जिला अमरावती (महाराष्ट्र) का निवासी है। उसकी निशानदेही पर छिनी गई सोने की चेन बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी के पास से एक टूटी हुई सोने की चेन, काले रंग की टोपी, मुंह ढकने वाला कपड़ा, होंडा एसपी मोटरसाइकिल तथा एक वीवो मोबाइल फोन जब्त किया है।
कई राज्यों में फैला है आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ अमरावती, नागपुर, आसनसोल समेत कई शहरों में लूट, चोरी और छिनतई के कई मामले दर्ज हैं। इनमें 2012 से 2025 तक के गंभीर आपराधिक कांड शामिल हैं।

