Bokaro: बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र में युवती से छेड़खानी और उसके पिता पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी राहुल कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी शुक्रवार को की गई।

दुकान में घुसकर युवती से की थी छेड़खानी
पुलिस के अनुसार, पिता ने 19 नवंबर 2025 को बालीडीह थाना में मामला दर्ज कराया था। शिकायत में बताया गया था कि 18 नवंबर की शाम उनकी पुत्री दुकान में बैठी थी। इसी दौरान राहुल कुमार दुकान में घुस आया और युवती के साथ छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर उसने दुकान से सामान भी उठा लिया।
विरोध करने पर बोतल फोड़कर किया हमला
आवेदक के मुताबिक जब उन्होंने आरोपी को रोकने की कोशिश की तो वह उग्र हो गया। आरोपी ने दुकान में रखी शीशे की बोतल फोड़कर मनोज गुप्ता पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले को लेकर बालीडीह थाना कांड संख्या-35/25 दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।

आरोपी पर पहले से भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी राहुल कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 में मारपीट, हत्या के प्रयास और चोरी समेत कई धाराओं में मामला दर्ज हो चुका है। वहीं वर्ष 2024 में भी उसके खिलाफ एक अन्य मामला बालीडीह थाना में दर्ज किया गया था।
कोर्ट का फरार वारंटी भी दबोचा गया
इधर, बालीडीह पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी आसिफ रजा को भी गिरफ्तार किया है। वह अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-प्रथम की अदालत में चल रहे एसटी नंबर-372/2022 मामले में फरार था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
पूरे अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक फागुराम उरांव, जितेंद्र कुमार यादव, शशिकांत ठाकुर, अजय कुमार राय समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

