Bokaro: बोकारो में NEET (UG) परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर छात्रों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। गुरुवार को झारखंड छात्र मोर्चा की बोकारो जिला इकाई ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

जिला अध्यक्ष सुमित रवानी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और मोर्चा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि NEET परीक्षा में हुई गड़बड़ी ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
“लाखों छात्रों के सपनों के साथ खिलवाड़”
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सुमित रवानी ने कहा कि 3 मई 2026 को आयोजित NEET परीक्षा में पेपर लीक और व्यापक अनियमितताओं की खबरों ने पूरे देश को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि NTA द्वारा 12 मई को परीक्षा रद्द करना यह साबित करता है कि पूरी परीक्षा व्यवस्था विफल हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि यह केवल परीक्षा रद्द होने का मामला नहीं, बल्कि मेहनत करने वाले लाखों छात्रों के सपनों पर चोट है। केंद्र सरकार और मानव संसाधन मंत्रालय इस मामले में जवाबदेही से बच नहीं सकते।
उच्च स्तरीय जांच की मांग
छात्र मोर्चा के जिला सचिव प्रदीप कुमार ने कहा कि बार-बार पेपर लीक की घटनाएं शिक्षा व्यवस्था में फैले भ्रष्टाचार और लापरवाही को उजागर करती हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
बड़ी संख्या में जुटे छात्र नेता
प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष अमित महतो, नगर सचिव रोहित यादव, प्रखंड अध्यक्ष विकास सोरेन, छात्र नेता राहुल कुमार, संजय सिंह, प्रकाश मुर्मू, आकाश महतो समेत सैकड़ों छात्र और मोर्चा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा प्रफूल, युगल किशोर रजक, दीपक बंसल, कुंदन दास, विनोद बिहारी, राजेश्वर रजक, विक्की कात्यायन, संतोष विश्वकर्मा, सुमन वर्मा, अजीत मुर्मू, महेश सोरेन, कलीम अंसारी, अभिषेक पांडेय, प्रेम राय, अजय रजवार, सोमनाथ घोष, चंदन सिंह, राजेश कुमार, रूपेश सिंह, राहुल कुमार और संतोष हेंब्रम भी प्रदर्शन में शामिल रहे।

