Bokaro: साउथ ईस्टर्न रेलवे के आद्रा मंडल में इंजीनियरिंग, टीआरडी और सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन विभाग की ओर से आवश्यक अनुरक्षण कार्य को लेकर 18 मई से 24 मई 2026 तक संयुक्त रोलिंग ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान कई मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांच लेने की अपील की है।

कई मेमू ट्रेनें रहेंगी पूरी तरह रद्द
रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार भोजूडीह-चंद्रपुरा-भोजूडीह मेमू 19, 22 और 24 मई को रद्द रहेगी। वहीं आद्रा-मिदनापुर-आद्रा मेमू 22 और 24 मई को नहीं चलेगी। इसके अलावा आद्रा-भागा-आद्रा मेमू 21 और 24 मई को रद्द रहेगी। आसनसोल-आद्रा-आसनसोल मेमू भी 22 मई को रद्द कर दी गई है।
कई ट्रेनों का सफर बीच रास्ते में होगा समाप्त
68055/68056 आसनसोल-टाटानगर-आसनसोल मेमू 20 और 23 मई को केवल आद्रा तक ही चलेगी। आद्रा से टाटानगर खंड में इसकी सेवा रद्द रहेगी। वहीं 68056/68060 टाटानगर-आसनसोल-बाराभूम मेमू 22 मई को आद्रा तक ही संचालित होगी। इसी तरह 63594/63593 आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू 20 और 23 मई को आद्रा तक सीमित रहेगी।

हटिया एक्सप्रेस का परिचालन भी प्रभावित
18035/18036 खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस 20 और 23 मई को आद्रा तक ही चलेगी। आद्रा से हटिया खंड में ट्रेन सेवा रद्द रहेगी, जिससे झारखंड जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस का बदला मार्ग
18601 टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस 19, 20 और 23 मई को परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएगी। यह ट्रेन चांडिल-पुरुलिया-कोटशिला-मुरी मार्ग के बजाय चांडिल-गुंडा बिहार-मुरी मार्ग से संचालित होगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार अनुरक्षण कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का परिचालन सामान्य कर दिया जाएगा।

