Bokaro : बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के क्रीड़ा विभाग की ओर से आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है। विभिन्न खेल विधाओं में प्रशिक्षण लेने के लिए बड़ी संख्या में बच्चे शिविरों में पहुंच रहे हैं। शिविर का आयोजन प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 8 बजे तक किया जा रहा है, जहां प्रतिभागियों को खेल की तकनीकी जानकारी के साथ फिटनेस का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर में सबसे अधिक खिलाड़ियों की मौजूदगी
22 मई को आयोजित प्रशिक्षण सत्र में फुटबॉल, क्रिकेट, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी और वॉलीबॉल समेत विभिन्न खेलों में कुल 305 बच्चों ने हिस्सा लिया। इनमें क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में सर्वाधिक 104 खिलाड़ियों की भागीदारी दर्ज की गई। वहीं फुटबॉल प्रशिक्षण में 65 बच्चे शामिल हुए।
इसके अलावा हैंडबॉल प्रशिक्षण शिविर में 36, बास्केटबॉल में 52, हॉकी में 22 तथा वॉलीबॉल में 26 बच्चों ने हिस्सा लिया। बास्केटबॉल प्रशिक्षण स्टील क्लब सेक्टर-3 में तथा वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सेक्टर-4 में आयोजित किया गया।
अनुशासन और टीम भावना का भी दिया जा रहा प्रशिक्षण
शिविर में बच्चों को खेल की बारीकियों, फिटनेस और तकनीकी कौशल के साथ अनुशासन एवं टीम भावना का महत्व भी समझाया जा रहा है। अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उनकी खेल प्रतिभा को निखारने में मदद मिल रही है।

राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने पर जोर
बीएसएल प्रबंधन का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। यह शिविर खिलाड़ियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभा रहा है। बोकारो स्टील प्लांट के खेल एवं नागरिक सुविधाएं विभाग के तत्वावधान में यह ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर 2 जून तक चलेगा।

