Bokaro: झारखंड में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों (EV) का संचालन शुरू होने जा रहा है। राज्य सरकार परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसके तहत प्रमुख जिलों में चरणबद्ध तरीके से ईवी बसें चलाई जाएंगी और चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जाएंगे। यह जानकारी शनिवार को बोकारो पहुंचे परिवहन विभाग के सचिव राजीव रंजन ने दी।

बोकारो DTO कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
परिवहन सचिव ने शनिवार को जिला परिवहन कार्यालय बोकारो का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और कर्मियों से विभिन्न विभागीय कार्यों की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद उन्होंने उपायुक्त अजय नाथ झा से मुलाकात कर परिवहन व्यवस्था एवं विभागीय योजनाओं पर चर्चा की।
40 से 50 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद की तैयारी
बोकारो परिसदन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सचिव ने कहा कि विभाग 40 से 50 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद की दिशा में काम कर रहा है। राज्य के प्रमुख जिलों में शुरुआती चरण में चार से पांच ईवी बसों का संचालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड को पूर्वी भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल सेक्टर का प्रमुख राज्य बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य हो रहा है।

राज्यभर में बनेंगे ईवी चार्जिंग स्टेशन
उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहनों के संचालन को बढ़ावा देने के लिए पूरे राज्य में जरूरत के अनुसार ईवी चार्जिंग स्टेशन और अन्य आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जाएगा। विभाग इस दिशा में व्यापक कार्ययोजना तैयार कर रहा है ताकि भविष्य में सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह तकनीक आधारित बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना को मिलेगा विस्तार
परिवहन सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों और स्कूली बच्चों को गांव से शहर तक सुरक्षित एवं नि:शुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए रूट निर्धारण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। योजना के तहत बसों की मॉनिटरिंग जीपीएस ट्रैकर से होगी और ऑपरेटरों को सब्सिडी डीटीओ कार्यालय के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
ऑनलाइन और फेसलेस सेवाओं पर विभाग का फोकस
उन्होंने कहा कि विभाग अधिकतर सेवाओं को ऑनलाइन करने की दिशा में काम कर रहा है। आने वाले समय में फेसलेस इंटरवेंशन व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे आम लोगों को पारदर्शी और सरल सेवाएं मिल सकेंगी।
ट्रांसपोर्ट नगर और आधुनिक बस स्टैंड की भी तैयारी
परिवहन सचिव ने बोकारो में ट्रांसपोर्ट नगर और आधुनिक बस स्टैंड विकसित करने की दिशा में सकारात्मक पहल की बात कही। वहीं सड़क सुरक्षा को विभाग की प्राथमिकता बताते हुए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करने की जानकारी दी।
सड़क हादसे में अनाथ बच्चों को मिलेगी सहायता
हाल ही में चंदनकियारी में हुई सड़क दुर्घटना में दंपति की मौत पर संवेदना व्यक्त करते हुए सचिव ने कहा कि अनाथ हुए बच्चों को “हिट एंड रन” योजना के तहत मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी। मौके पर पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना समेत कई अधिकारी मौजूद थे।

