Bokaro : दिल्ली पब्लिक स्कूल बोकारो के खिलाड़ियों ने गोवा में आयोजित 24वीं ऑल इंडिया तेनशिंकान कराटे चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। प्रतियोगिता में झारखंड की 36 सदस्यीय टीम में डीपीएस बोकारो के 20 कराटेका शामिल थे। खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत झारखंड ने 16 स्वर्ण, 14 रजत और 10 कांस्य समेत कुल 40 पदक जीतकर ओवरऑल प्रथम स्थान हासिल किया।

काता और कुमिते में दिखाया दम
काता और कुमिते स्पर्धा में खिलाड़ियों ने बेहतरीन कौशल का प्रदर्शन किया। रियांशी चौधरी, मायोन शराव, भाव्या बिष्ट, कृतिकेश कुमार मिश्रा, रिशिता राज शर्मा और आरुष प्रकाश ने दो-दो स्वर्ण पदक जीतकर टीम को मजबूती दी। वहीं नैतिक प्रसाद और अथर्व कश्यप ने एक स्वर्ण व एक रजत पदक अपने नाम किया। अर्घ्य सुवन और सुचिस्मिता महतो ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए।
विद्यालय में हुआ सम्मान समारोह
प्रतियोगिता के बाद विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार ने खिलाड़ियों और मुख्य कोच सह महासचिव शिहान खेदू गोराइन को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के लिए हर संभव मंच उपलब्ध कराता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे बोकारो और झारखंड के लिए गर्व का विषय है।


