Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) की ओर से संचालित निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग कार्यक्रम युवाओं के लिए उम्मीद की नई किरण बन रहा है। बैंक, एसएससी, रेलवे समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए चलाए जा रहे इस कार्यक्रम से अब तक 300 युवाओं का नामांकन किया जा चुका है।

कार्यक्रम में शामिल 300 अभ्यर्थियों में 87 महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं। वहीं अधिकांश युवाओं का चयन विस्थापित परिवारों एवं बोकारो के परिधीय क्षेत्रों से किया गया है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर तबके के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर मिल सके।
12 अभ्यर्थियों ने हासिल की सफलता
कोचिंग कार्यक्रम का सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगा है। अब तक 12 अभ्यर्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता अर्जित कर चुके हैं। इसके अलावा जून एवं जुलाई 2026 में आयोजित होने वाले मेगा प्लेसमेंट ड्राइव से अन्य विद्यार्थियों के लिए रोजगार के नए अवसर खुलने की संभावना जताई जा रही है।

ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रशिक्षण का जिम्मा Mahendra Education Private Limited को दिया गया है, जो इस क्षेत्र का प्रतिष्ठित संस्थान माना जाता है। छह माह की अवधि वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सप्ताह में छह दिन ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से नियमित कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। विद्यार्थियों को निःशुल्क अध्ययन सामग्री, वाई-फाई सुविधा युक्त आधुनिक अध्ययन कक्ष, नियमित मॉक टेस्ट तथा मेंटरशिप सपोर्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
आत्मनिर्भरता की दिशा में पहल
बीएसएल की इस पहल का उद्देश्य परिधीय एवं विस्थापित क्षेत्रों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। बेहतर तैयारी के माध्यम से युवाओं को अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का अवसर मिल रहा है।

