Bokaro: गोमिया स्थित Bank of Baroda शाखा के कर्मचारी सह ग्राहक सेवा सहायक 38 वर्षीय विनय कुमार सिंह चौधरी का शव मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में बंद कमरे से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया है। मृतक मूल रूप से पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के कांड्रा गांव के निवासी थे।

समय पर बैंक नहीं पहुंचने पर हुई चिंता
जानकारी के अनुसार विनय कुमार सिंह चौधरी गोमिया रेलवे स्टेशन रोड स्थित सेवानिवृत्त शिक्षक ललन माली के मकान में किराए पर रहते थे। मंगलवार को जब वे निर्धारित समय पर बैंक नहीं पहुंचे तो शाखा प्रबंधक डालचंद कुमार महतो सहित अन्य बैंक कर्मियों को चिंता हुई। कई बार फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर बैंक कर्मी उनके आवास पहुंचे।
शाखा प्रबंधक डालचंद कुमार महतो ने बताया कि बैंक कैश की चाबी विनय कुमार सिंह चौधरी के पास ही रहती थी। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर एक कर्मचारी को उनके आवास भेजा गया। वहां कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

दरवाजा खुलते ही सामने आया दर्दनाक मंजर
सूचना मिलने के बाद शाखा प्रबंधक अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। अनहोनी की आशंका के बीच जब दरवाजे को धक्का दिया गया तो वह खुल गया। कमरे के अंदर विनय कुमार सिंह चौधरी बेड पर मृत अवस्था में पड़े मिले। इसके बाद मकान मालिक और गोमिया थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो, एसआई अखिलेश कुमार व एसआई अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के भाई सुख सागर सिंह चौधरी और रमेश कुमार सिंह चौधरी सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि विनय कुमार सिंह चौधरी की मौत सामान्य नहीं लग रही है। कमरे की स्थिति और शव की हालत देखकर उन्हें किसी साजिश की आशंका हो रही है। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों का पता लगाने की मांग की है।
हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
बेरमो सब डिविशनल पुलिस अफसर (SDPO) रविंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों, मकान मालिक और बैंक कर्मियों से पूछताछ कर रही है।

