Bokaro: आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत करते हुए Bokaro General Hospital के ईएनटी विभाग में अब अत्याधुनिक ‘रिजिड ब्रोंकोस्कोप’ सुविधा शुरू कर दी गई है। इस जीवनरक्षक उपकरण के जरिए बच्चों और वयस्कों के गले या सांस की नली में फंसी बाहरी वस्तुओं को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला जा सकेगा। अस्पताल प्रबंधन ने इसे गंभीर आपात स्थितियों में बड़ी राहत बताया है।

छोटे बच्चों में सबसे ज्यादा खतरा
डॉक्टरों के अनुसार, पांच साल से कम उम्र के बच्चों में सिक्के, छोटे खिलौने, बीज या अन्य वस्तुएं खेल-खेल में निगल लेने की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। कई बार ये वस्तुएं सांस की नली में फंसकर दम घुटने जैसी खतरनाक स्थिति पैदा कर देती हैं। ऐसे मामलों में समय पर इलाज नहीं मिलने पर जान का खतरा भी बढ़ जाता है।
बिना बड़े ऑपरेशन के होगा इलाज
अब BGH में मरीज को जनरल एनेस्थीसिया देकर ‘रिजिड ब्रोंकोस्कोप’ की मदद से दूरबीन तकनीक द्वारा बिना किसी बड़े ऑपरेशन के फंसी वस्तु को सुरक्षित बाहर निकाला जा सकेगा। अस्पताल के ईएनटी विशेषज्ञों ने बताया कि यह प्रक्रिया पूरी तरह आधुनिक और सुरक्षित है।

अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील
अस्पताल प्रशासन ने अभिभावकों से छोटे बच्चों पर विशेष नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की है।

