Bokaro: पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के बाबुडीह पंचायत अंतर्गत बाबुडीह गांव में शुक्रवार सुबह वज्रपात की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पहचान गांव निवासी भुवन चंद्र महतो के 21 वर्षीय पुत्र अमित कुमार महतो के रूप में हुई है।

बारिश से बचने पेड़ के नीचे गया था अमित
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे गांव के अंतिम छोर स्थित मैदान में कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। अमित कुमार महतो भी वहीं खड़े होकर मैच देख रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए अमित पास के एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ा हो गया।
तेज गर्जना के साथ हुआ वज्रपात
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तभी तेज गर्जना के साथ बिजली कड़क गई और वज्रपात हो गया। इसकी चपेट में आने से अमित गंभीर रूप से झुलस गया। घटना इतनी भयावह थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण और परिजन दौड़कर घटनास्थल पहुंचे। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
चास के सर्किल ऑफिसर (CO) सेवराम साहू ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मुआवजे की मांग
युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

