Bokaro: जिले में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से 10 गांवों का चयन कर उन्हें मॉडल सोलर विलेज के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।

10 गांवों के चयन की प्रक्रिया शुरू
उपायुक्त ने जिला योजना शाखा को सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसे गांवों की पहचान करने को कहा, जहां योजना के बेहतर संचालन और जनसहभागिता की व्यापक संभावना हो। उन्होंने चयनित गांवों की सूची शीघ्र तैयार कर संबंधित विभाग को भेजने का निर्देश दिया, ताकि मॉडल सोलर विलेज के विकास की दिशा में आगे की कार्रवाई की जा सके।
लाभुकों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर
बैठक में उपायुक्त ने योजना का लाभ अधिकाधिक ग्रामीण परिवारों तक पहुंचाने पर जोर देते हुए कहा कि लाभुकों को आवश्यक ऋण सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए उन्होंने अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को बैंकों के माध्यम से ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाने तथा पात्र लाभुकों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

स्वच्छ ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा
उपायुक्त ने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे ग्रामीण परिवारों के बिजली खर्च में कमी आएगी और सौर ऊर्जा आधारित विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि मॉडल सोलर विलेज की अवधारणा जिले में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, कार्यपालक अभियंता विद्युत चास एस.बी. तिवारी, डीपीआरओ रवि कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, मुखिया अंबुज महतो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

