Bokaro: सिटी थाना क्षेत्र स्थित बीएसएल की एलएच कॉलोनी में शनिवार शाम एक मकान में आग लगने की घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। आग की चपेट में आने से दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों की पहचान महबूब आलम और भाना झा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।

शाम साढ़े आठ बजे हुई घटना
पुलिस के अनुसार, आज शाम लगभग 08:30 बजे एलएच कॉलोनी स्थित एक मकान में रखे किरोसिन तेल में आग लग जाने की घटना हुई, जिसमें दो व्यक्ति घायल हो गए। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को उपचार हेतु बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। दोनों विभागों के संयुक्त प्रयास से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है।

आग लगने के कारणों की जांच जारी
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि मकान में डीजल और पेट्रोल भी रखा हुआ था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग कैसी लगी, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
अफवाहों से बचने की अपील
बोकारो पुलिस ने जनसामान्य से अनुरोध किया है कि घटना के संबंध में किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

