Bokaro: महारत्न कंपनी Steel Authority of India Limited (SAIL) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक Dr. Ashok Kumar Panda ने शनिवार को बोकारो दौरे के दौरान Bokaro Steel Plant के परिचालन, उत्पादकता, वित्तीय प्रदर्शन तथा विभिन्न परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संयंत्र के प्रदर्शन को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

उच्चस्तरीय बैठक में हुई समीक्षा
बोकारो निवास पहुंचने पर बोकारो इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी Priya Ranjan ने उनका स्वागत किया। वहीं, Central Industrial Security Force (सीआईएसएफ) द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उत्पादन, वित्तीय प्रदर्शन, सुरक्षा मानकों और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की प्रगति का आकलन किया गया। बैठक में संयंत्र के अधिशासी निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सुरक्षा और गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर
समीक्षा बैठक के दौरान डॉ. पंडा ने कहा कि बोकारो इस्पात संयंत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपकरणों का समुचित रखरखाव, गुणवत्ता में निरंतर सुधार तथा उत्पाद श्रृंखला में अधिकाधिक मूल्य संवर्धित उत्पादों को शामिल कर संयंत्र नई ऊंचाइयों को छू सकता है।

सामूहिक प्रयासों से हासिल होंगी नई उपलब्धियां
सेल अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयास, नवाचार, उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति और निरंतर प्रगति की भावना के बल पर बोकारो इस्पात संयंत्र आने वाले समय में नई उपलब्धियां हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि संयंत्र की प्रगति न केवल सेल की विकास यात्रा को और मजबूत बनाएगी, बल्कि देश के इस्पात क्षेत्र में भी इसकी भूमिका को और सशक्त करेगी।

