Bokaro: शहर के सेक्टर-4 थाना में दर्ज अपहरण का मामला उस समय प्रेम कहानी में बदल गया, जब पुलिस जिस युवती की तलाश कर रही थी, वह खुद अपने प्रेमी के साथ थाने पहुंच गई। युवती ने पुलिस और परिजनों के सामने साफ कहा कि उसका अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई थी और रांची में प्रेमी के साथ शादी कर ली है।

जानकारी के अनुसार सेक्टर-4 थाना कांड संख्या-40/2026 में 18 वर्षीय कुमारी के अपहरण का मामला दर्ज कराया गया था। मामले की जांच चल ही रही थी कि रविवार को कुमारी अपने प्रेमी एवं अब पति बन चुके प्रेम कुमार के साथ थाना पहुंची।
युवती ने पुलिस को बताया कि वह 24 मई को अपनी इच्छा से प्रेम कुमार के साथ गई थी। दोनों ने रांची स्थित एक शिव मंदिर में विवाह कर लिया। युवती ने कहा कि वह किसी दबाव में नहीं है और अपने पति के साथ ही रहना चाहती है।

मामले में पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए युवती को न्यायालय में प्रस्तुत किया। वहां धारा 183 बीएनएसएस के तहत उसका बयान दर्ज कराया गया। बयान में भी युवती ने अपनी बात दोहराई। इसके बाद न्यायालय ने युवती की इच्छा का सम्मान करते हुए उसे उसके पति प्रेम कुमार के साथ जाने की अनुमति दे दी।
इस घटनाक्रम के साथ अपहरण का मामला प्रेम विवाह की कहानी में बदल गया। पुलिस ने बताया कि न्यायालय के आदेशानुसार आगे की कार्रवाई की गई है।

