Bokaro: अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर बोकारो पुलिस ने रविवार रात जिलेभर में विशेष समकालीन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों ने 18 थाना एवं ओपी क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर कुल 28 वारंटियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई में सबसे बड़ी सफलता वर्ष 2024 से आर्म्स एक्ट मामले में फरार चल रहे स्थायी वारंटी शंभु कुमार की गिरफ्तारी रही। चास थाना क्षेत्र के बंशीडीह निवासी शंभु कुमार लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था। लगातार फरारी के बाद आखिरकार पुलिस ने उसे दबोचकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अभियान के दौरान बीएस सिटी थाना, माराफारी थाना और पेटरवार थाना क्षेत्र से तीन-तीन वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं हरला, जरीडीह, चतरोचट्टी और चंद्रपुरा थाना क्षेत्रों से दो-दो आरोपित पकड़े गए। इसके अलावा चास, पिंड्राजोरा, चिराचास, चंदनकियारी, बालीडीह, गोमिया, नावाडीह, भोजुडीह ओपी, बरमसिया ओपी, अमलाबाद ओपी और बालीडीह ओपी से एक-एक वारंटी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में फरार आरोपितों और वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नियमित रूप से विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

