Bokaro: BMW प्लांट से रंगदारी मांगने और धमकी देने के मामले में बोकारो पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रिंस खान गैंग के कथित सहयोगी राकेश कुमार को गिरफ्तार किया है। सेक्टर-2सी निवासी 37 वर्षीय राकेश कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

प्रबंधक की शिकायत पर गठित हुई थी एसआईटी
पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को BMW प्लांट के मैनेजर सुरेश कुमार सिंह ने बालीडीह औद्योगिक ओपी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रिंस खान की ओर से फैक्ट्री संचालन के एवज में रंगदारी मांगी जा रही है और लगातार धमकियां दी जा रही हैं। इसके बाद बालीडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज कर एसआईटी का गठन किया गया।
व्हाट्सएप पर सीधे संपर्क में था आरोपी
जांच के दौरान तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने राकेश कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह प्रिंस खान के अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सएप नंबर से सीधे संपर्क में था और उसके निर्देश पर ही धमकी भरा पर्चा लिखकर विभिन्न स्थानों पर छोड़ा गया था।

धमकी का वीडियो वायरल कर बढ़ाया गया दबाव
पुलिस के मुताबिक, धमकी भरे पर्चे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था। वीडियो के जरिए BMW कंपनी पर दबाव बनाने और रंगदारी वसूलने की कोशिश की गई थी।
डेढ़ लाख रुपये मिलने का खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इस काम के बदले उसे स्टेट बैंक के दो खातों में कुल 1.50 लाख रुपये भेजे गए थे। पुलिस अब इस वित्तीय लेन-देन और गैंग के अन्य नेटवर्क की जांच कर रही है।
बोकारो में गैंग का नेटवर्क बढ़ाने में निभा रहा था भूमिका
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बोकारो में प्रिंस खान गैंग का प्रमुख सहयोगी था और जिले में गैंग के प्रभाव और नेटवर्क को मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था।
मोबाइल बरामद, पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया रेडमी-8 मोबाइल फोन बरामद किया है। राकेश कुमार के खिलाफ गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना में चोरी के एक पुराने मामले का भी रिकॉर्ड मिला है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

