Bokaro: बोकारो पावर सप्लाई कंपनी प्राइवेट लिमिटेड (BPSCL) के एक बॉयलर में लीकेज आने से बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई है। इसका सीधा असर बीएसएल टाउनशिप के विभिन्न सेक्टरों पर पड़ा है, जहां गुरुवार सुबह से ही रुक-रुक कर बिजली कटौती की जा रही है। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली गुल होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

रोटेशन के आधार पर दी जा रही बिजली
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बीएसएल प्रबंधन विभिन्न सेक्टरों में रोटेशन के आधार पर बिजली आपूर्ति कर रहा है। सबसे अधिक प्रभावित सिटी सेंटर और आसपास के क्षेत्र बताए जा रहे हैं। लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से लोगों को गर्मी, पेयजल आपूर्ति और दैनिक कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बॉयलर नंबर-6 में लीकेज से उत्पादन घटा
सूत्रों के अनुसार बीपीएससीएल के बॉयलर नंबर-6 में लीकेज होने के कारण बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ है। इससे उत्पादन क्षमता 190 मेगावाट से घटकर करीब 175 मेगावाट रह गई है। उत्पादन में आई इस गिरावट का असर बीएसएल की आंतरिक बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ा है, जिसके चलते टाउनशिप में लोड प्रबंधन करना पड़ रहा है।

शुक्रवार शाम तक सामान्य होने की उम्मीद
बीपीएससीएल प्रबंधन बिजली उत्पादन को सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहा है। जानकारी के अनुसार बॉयलर नंबर-2 को पुनः चालू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अधिकारियों को उम्मीद है कि शुक्रवार शाम तक अतिरिक्त उत्पादन शुरू हो जाएगा, जिसके बाद बिजली आपूर्ति सामान्य होने लगेगी। फिलहाल टाउनशिप के निवासियों को रोटेशनल सप्लाई के सहारे ही राहत मिल रही है।
बीपीएससीएल में कुल नौ बॉयलर हैं। इनमें बॉयलर नंबर-2 पहले से ही बंद था। वहीं, बॉयलर नंबर-6 में खराबी आने के बाद बिजली उत्पादन को सामान्य करने के लिए बंद पड़े बॉयलर नंबर-2 को दोबारा चालू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

