Bokaro: सेक्टर-12 मोड़ स्थित कंपोजिट शराब दुकान में सेंधमारी कर विदेशी शराब चोरी करने के मामले का बोकारो पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी गई करीब 3.5 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

दुकान के पीछे से उखाड़ा गया चदरा
पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह करीब छह बजे सूचना मिली कि सेक्टर-12 मोड़ स्थित लाइसेंसी शराब दुकान में चोरी हुई है। बीएस सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। जांच में पाया गया कि चोरों ने दुकान के पीछे लगा चदरा उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और बड़ी मात्रा में विदेशी शराब लेकर फरार हो गए।
आवेदन के आधार पर दर्ज हुआ मामला
दुकान संचालक संदीप कुमार के लिखित आवेदन पर बीएस सिटी थाना में कांड संख्या 114/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

750 बोतल शराब और 137 बीयर बरामद
छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से विभिन्न ब्रांड की 750 बोतल अंग्रेजी शराब, 137 बोतल एवं कैन बीयर तथा ताला काटने में प्रयुक्त लोहे का कटर बरामद किया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई गई है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों में आरा खटाल निवासी हिमांशु पटेल उर्फ सूटर (19), पटना खटाल निवासी राजकुमार उर्फ लोला (20), नितिश कुमार उर्फ गोलू (21) तथा दुदीबाग निवासी नंदू कुमार (23) शामिल हैं।
पुलिस टीम की तत्परता से मिली सफलता
कार्रवाई में बीएस सिटी थाना प्रभारी सुदामा कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक जितेश कुमार, शशिकांत कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रंजीत रंजन समेत कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

