Bokaro: बोकारो रेलवे स्टेशन स्थित सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने गुरुवार सुबह राधानगर रेलवे स्टेशन के आउटर सिग्नल के पास लावाटांड़ क्षेत्र से रेलवे ट्रैक पर तीन युवकों के शव बरामद किए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक रेलवे ट्रैक के पास बैठकर पार्टी कर रहे थे और इसी दौरान किसी ट्रेन की चपेट में आ गए।

राधानगर स्टेशन के आउटर सिग्नल के पास मिला शव
घटना राधानगर रेलवे स्टेशन के आउटर सिग्नल से करीब 300 मीटर दूर तथा बोकारो रेलवे स्टेशन से लगभग नौ किलोमीटर की दूरी पर हुई। ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आधार कार्ड से हुई एक युवक की पहचान
जीआरपी के सब-इंस्पेक्टर अमरेंद्र कोटवारी ने बताया कि घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के आधार पर एक मृतक की पहचान गोमिया प्रखंड के टिकाहारा पंचायत अंतर्गत बरकी पुनु गांव निवासी बाबलू सोरेन के रूप में की गई है। वह सूरजलाल सोरेन का पुत्र था। दूसरे मृतक की पहचान दीपक सोरेन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले थे और उनकी उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच थी।

घटनास्थल से बरामद हुई बाइक
पुलिस ने घटनास्थल के समीप से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि तीनों युवक ट्रेन की चपेट में आए हैं। हालांकि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है।
हर पहलू से जांच में जुटी जीआरपी
जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।

