Bokaro: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बोकारो स्टील सिटी पोस्ट ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई करते हुए कोसी सुपर एक्सप्रेस से विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान बिहार ले जाने के लिए शराब की तस्करी कर रहे एक युवक को भी हिरासत में लिया गया।

आरपीएफ के अनुसार, बुधवार को ट्रेन संख्या 18626 कोसी सुपर एक्सप्रेस की बोकारो स्टील सिटी स्टेशन पर जांच की जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन एस्कॉर्टिंग पार्टी ने कोच संख्या बी-1 में सीट संख्या 17 के पास संदिग्ध अवस्था में रखे एक ट्रॉली बैग की सूचना दी।
सूचना मिलने पर आरपीएफ पोस्ट बोकारो रेलवे स्टेशन के एएसआई डी.के. द्विवेदी, एसआई रोजमत अंसारी, कांस्टेबल मंटू कुमार एवं निलेश कुमार ने संयुक्त रूप से बैग की जांच की। पूछताछ के दौरान नितीश कुमार (23 वर्ष), निवासी करुआ, थाना बख्तियारपुर, जिला सहरसा (बिहार) ने बैग पर अपना दावा किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह शराब की खेप बिहार पहुंचाने जा रहा था।

बैग की तलाशी लेने पर कुल 23 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई, जिनमें 100 पाइपर्स, टीचर्स, ब्लेंडर्स प्राइड, सिग्नेचर, गोल्फर शॉट और मैजिक मोमेंट्स ब्रांड की बोतलें शामिल हैं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 34,450 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ ने शराब जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जब्त शराब एवं आरोपी को उत्पाद विभाग के हवाले किया जाएगा।

