Bokaro: शहर के सेक्टर-05 स्थित एक आवास में घुसकर 14 वर्षीय किशोरी के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में सेक्टर-06 थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने 1 जून को थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि 31 मई की मध्यरात्रि उनकी पुत्री और पुत्र घर के अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। इसी दौरान तीन युवक घर का गेट फांदकर अंदर घुस गए और किशोरी के कमरे में पहुंचकर उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे। आरोप है कि आरोपितों ने दुष्कर्म की नीयत से किशोरी के साथ अश्लील हरकतें कीं तथा उसके शरीर के संवेदनशील अंगों को छुआ।
किशोरी के शोर मचाने पर उसका भाई जाग गया और बहन को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए सेक्टर-06 थाना में कांड दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की धारा-8 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने छापेमारी कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आयुष कुमार उर्फ सौरभ (20), गौतम कुमार (19) और निखिल कुमार (19) के रूप में हुई है। तीनों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक शशिभूषण गोप, सहायक अवर निरीक्षक गुप्तेश्वर पाण्डेय, आरक्षी उपेंद्र यादव, गणेश चंद्र महतो तथा गृह रक्षक संतोष कुमार शामिल थे।

