Bokaro: जिले के चास, बोकारो शहरी, बालीडीह और माराफारी थाना क्षेत्रों में मोबाइल खोने व चोरी की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बोकारो ने सभी थाना प्रभारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस द्वारा CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल का उपयोग कर खोए और चोरी हुए मोबाइलों की ट्रैकिंग शुरू की गई। तकनीकी मॉनिटरिंग के आधार पर जिलेभर में अभियान चलाकर मोबाइल बरामद किए गए।

कुल 147 मोबाइल बरामद, दो चरणों में बड़ी रिकवरी
बोकारो पुलिस द्वारा चलाए गए CEIR पोर्टल आधारित विशेष अभियान में कुल 147 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनमें पहले चरण में 101 और दूसरे चरण में 46 मोबाइल की रिकवरी हुई। दूसरे चरण में हरला थाना, बीएस सिटी थाना, सेक्टर-04, सेक्टर-12 और सेक्टर-06 थाना की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 46 मोबाइल बरामद किए, जिनमें हरला थाना से 20, बीएस सिटी थाना से 10, सेक्टर-12 थाना से 8, सेक्टर-04 थाना से 4 तथा सेक्टर-06 थाना से 5 मोबाइल शामिल हैं।
सत्यापन के बाद लौटाए गए मोबाइल
सभी बरामद मोबाइलों का थानों में विधिवत सत्यापन किया गया। इसके बाद असली मालिकों को बुलाकर मोबाइल सौंप दिए गए। पूरी प्रक्रिया पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में संपन्न हुई। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत थाना को सूचित करें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें, जिससे मोबाइल की रिकवरी आसान और तेज हो सके।


