Bokaro: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा एवं एसटी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को लुगूबुरु गुरु घंटाबाड़ी में विशेष पूजा-अर्चना कर उनके दीर्घायु, स्वस्थ एवं यशस्वी जीवन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा संपन्न कर देश की उन्नति और समृद्धि के लिए भी प्रार्थना की।

12 साल बेमिसाल कार्यक्रम के तहत हुआ आयोजन
भाजपा नेता महेंद्र राय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके 12 वर्षों के कार्यकाल को समर्पित कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं ने लुगूबुरु गुरु घंटाबाड़ी पहुंचकर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की तथा उनके दीर्घायु होने की कामना की।

आदिवासी समाज के उत्थान के लिए जताया आभार
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आदिवासी समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की गई हैं। इन्हीं प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त करने तथा देश के उज्ज्वल भविष्य की कामना के उद्देश्य से यह धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे कार्यकर्ता और पदाधिकारी
कार्यक्रम में एसटी मोर्चा के कार्यकर्ताओं के अलावा मंडल अध्यक्ष प्रमोद दास, प्रेमलाल साहू, गोमिया मंडल अध्यक्ष मोहन कुमार, भाजपा बोकारो के जिला महामंत्री रामलाल सोरेन, एसटी नेता फुलचांद किस्कू, मुखिया धनीराम मांझी, दरबारी हेंब्रम, रमाकांत सोरेन, राजेंद्र मुर्मू, अनिल मुर्मू, नागेश्वर मुर्मू, जोधन मुर्मू, कलाचंद मुर्मू, बुधन मांझी, दासाराम टुडू, साझल मुर्मू, धनीराम मुर्मू, महेश मुर्मू, विश्वनाथ मुर्मू, प्रदीप मुर्मू, रोड साहू गिरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
लुगूबुरु गुरु घंटाबाड़ी : आदिवासी आस्था का प्रमुख तीर्थस्थल
लुगूबुरु गुरु घंटाबाड़ी झारखंड के बोकारो जिले के ललपनिया स्थित लुगू पहाड़ पर अवस्थित आदिवासी समाज, विशेषकर संताल समुदाय का प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र है। इसे मरांग बुरु अर्थात महान पर्वत देवता का निवास स्थल माना जाता है। हर वर्ष यहां आयोजित होने वाले महोत्सव में झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार और अन्य राज्यों से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह स्थल आदिवासी संस्कृति, परंपरा, प्रकृति पूजा और सामाजिक एकता का प्रतीक माना जाता है।

