Bokaro: ज़िले के बालीडीह थाना क्षेत्र से ट्यूशन पढ़ने निकला 14 वर्षीय किशोर छह दिन बाद ओडिशा के पुरी से सकुशल बरामद कर लिया गया। मामले में बालीडीह पुलिस की लगातार कार्रवाई और विभिन्न स्थानों पर की गई जांच के बाद किशोर का पता लगाया जा सका। प्रारंभिक जांच में मामला अपहरण का नहीं, बल्कि घूमने की नीयत से घर छोड़कर जाने का सामने आया है।

घर से निकला और वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत
बालीडीह थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया निवासी गोपाल भगत ने 6 जून को थाना में लिखित शिकायत देकर बताया था कि उनका 14 वर्षीय नाती सुबह करीब 8:30 बजे ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शिकायत के आधार पर बालीडीह थाना कांड संख्या 101/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज करते हुए अनुसंधान शुरू किया गया।
चार टीमों का गठन कर शुरू की गई व्यापक तलाश
वरीय अधिकारियों के निर्देश पर किशोर की बरामदगी के लिए चार अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। एक टीम का नेतृत्व स्वयं थाना प्रभारी कर रहे थे, जबकि अन्य टीमों का नेतृत्व पुलिस अवर निरीक्षक चन्द्रदेव कुमार, नित्यानंद भोक्ता और फागू राम उरांव को सौंपा गया। पुलिस टीमों ने बोकारो, मूरी, धनबाद, चंद्रपुरा, गोमो, गया समेत कई स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर किशोर की गतिविधियों का पता लगाया।

सीसीटीवी फुटेज से सामने आया पूरा सफर
जांच के दौरान पता चला कि किशोर सबसे पहले बोकारो रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर मूरी गया था। वहां कुछ समय बिताने के बाद वह दोबारा बोकारो लौटा और फिर धनबाद जाने वाली ट्रेन में सवार हो गया। इसके बाद अगले दिन धनबाद से गया पहुंचा और फिर गया से ट्रेन पकड़कर पुरी चला गया। पुलिस ने लगातार निगरानी और सूचनाओं के आधार पर शुक्रवार को पुरी से किशोर को सकुशल बरामद कर लिया।
बोकारो लाने की प्रक्रिया जारी, कोर्ट में किया जाएगा प्रस्तुत
पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि किशोर बिना किसी को बताए घूमने के उद्देश्य से घर से निकला था। फिलहाल उसे वापस बोकारो लाने की प्रक्रिया चल रही है। यहां पहुंचने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी दल में शामिल रहे ये पुलिसकर्मी
बरामदगी अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक नित्यानंद भोक्ता, चन्द्रदेव कुमार, फागू राम उरांव, सहायक अवर निरीक्षक उमेश कुमार, आरक्षी किशोर कुमार तथा आरक्षी प्रवीण कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी अधिकारी एवं कर्मी बालीडीह थाना से संबद्ध हैं।
By Current Bokaro Desk

