Bokaro: बालीडीह थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक के समीप अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.5 लाख रुपये मूल्य की शराब जब्त की है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे फाटक के पास स्थित एक लाइन होटल और किराना दुकान से अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व बालीडीह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह ने किया।
गुरुवार देर रात चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने अमर लाइन होटल और सुमित्रा जनरल स्टोर में छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब बरामद की। मौके से होटल मैनेजर अविनाश सिंह और दुकान संचालक सूरज कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न ब्रांड की 264 बोतल शराब तथा 101 बोतल और कैन बीयर बरामद की गई। जब्त शराब के संबंध में वैध कागजात मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। छापेमारी दल में बालीडीह थाना के कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।

