Bokaro: चंद्रपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडारीडीह पंचायत के फूलवारी टोला में जंगली फल खाने से सात बच्चियां बीमार पड़ गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने सभी बच्चियों को तत्काल फुसरो स्थित अनुमंडलीय अस्पताल बेरमो में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।

खेल-खेल में खाया जंगली फल, बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, बच्चियों ने खेल-खेल में जंगल में मिलने वाले भंडारिया फूल/फल का सेवन कर लिया था। फल खाने के कुछ ही देर बाद उन्हें उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते उनकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे।
दो बच्चियों को किया गया रेफर
अनुमंडलीय अस्पताल बेरमो की चिकित्सक प्रभारी डॉ. अनिता मुर्मू ने सभी बच्चियों का प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान दो बच्चियों की स्थिति गंभीर पाई गई, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य पांच बच्चियों का इलाज बेरमो अस्पताल में जारी है।

अस्पताल पहुंचे बीडीओ, लिया हालचाल
घटना की सूचना मिलते ही बेरमो प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मुकेश कुमार अस्पताल पहुंचे और बच्चियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से इलाज की स्थिति पर चर्चा की तथा परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
चिकित्सकों की निगरानी में सभी बच्चियां
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, भर्ती सभी बच्चियों की लगातार निगरानी की जा रही है। फिलहाल बेरमो अस्पताल में उपचाररत बच्चियों की हालत स्थिर बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को अनजान या जंगली फल खाने से रोकें और ऐसी स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।

