झारखंड सरकार ने 33 फार्मेसी कॉलेजों की मान्यता समाप्त कर दी है। कार्रवाई की जद में बोकारो के 4 संस्थान भी आए हैं। नए नामांकन और पंजीकरण पर रोक लगा दी गई है।
Bokaro: झारखंड में मानकों के विपरीत संचालित हो रहे फार्मेसी कॉलेजों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। डिप्लोमा-इन-फार्मेसी परीक्षा समिति ने राज्य के 33 फार्मेसी कॉलेजों का लेटर ऑफ कंसेंट (सहमति पत्र) रद्द करते हुए उनकी मान्यता समाप्त कर दी है। इसके साथ ही इन संस्थानों में नए नामांकन, पंजीकरण और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। इस कार्रवाई की जद में बोकारो जिले के चार फार्मेसी संस्थान भी आए हैं।

जांच में खुली पोल, कई कॉलेज एक कमरे में संचालित मिले
डिप्लोमा-इन-फार्मेसी परीक्षा समिति के सदस्य सचिव प्रशांत कुमार पांडे द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राज्य सरकार को फार्मेसी कॉलेजों के संचालन में अनियमितताओं की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने राज्यभर के कॉलेजों की जांच कराई।
जांच के दौरान कई संस्थानों में गंभीर खामियां सामने आईं। कई कॉलेज ऐसे पाए गए जो फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) द्वारा निर्धारित मानकों का पालन किए बिना संचालित हो रहे थे। कुछ संस्थान तो केवल एक कमरे में ही संचालित होते मिले। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कॉलेजों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था।

स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिलने पर हुई कार्रवाई
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, कॉलेजों से प्राप्त जवाबों की समीक्षा के बाद यह पाया गया कि कई संस्थान अब भी निर्धारित मानकों का अनुपालन नहीं कर रहे हैं। इसके बाद 33 कॉलेजों का लेटर ऑफ कंसेंट रद्द करने का निर्णय लिया गया।
समिति के सदस्य सचिव प्रशांत कुमार पांडे ने कहा, “बिना मापदंडों का पालन किए संचालित हो रहे कॉलेजों की जांच कराई गई है। राज्य में करीब 150 फार्मेसी कॉलेज संचालित हैं। पहले चरण में 33 कॉलेजों का लेटर ऑफ कंसेंट रद्द किया गया है। आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।”
बोकारो के इन चार फार्मेसी संस्थानों की मान्यता समाप्त
कार्रवाई की सूची में बोकारो जिले के चार संस्थानों के नाम शामिल हैं –
- बोकारो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज, जैनामोड़
- बोकारो हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट कॉलेज ऑफ फार्मेसी, बोकारो
- एस.एस. इम्पीरियल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, बोकारो
- सार्क स्कूल ऑफ फार्मेसी, चास
छात्रों और अभिभावकों में बढ़ी चिंता
बोकारो समेत राज्यभर के 33 फार्मेसी कॉलेजों की मान्यता समाप्त होने के बाद इन संस्थानों में अध्ययनरत छात्रों और नए दाखिले की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के बीच चिंता बढ़ गई है। विभाग की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि जिन संस्थानों का सहमति पत्र रद्द किया गया है, वहां नए नामांकन और पंजीकरण की प्रक्रिया नहीं होगी। वहीं, आगे की कार्रवाई और छात्रों के हितों को लेकर सरकार जल्द दिशा-निर्देश जारी कर सकती है।
(By CurrentBokaro Team)
Sourced : Dainik Jagran newspaper Bokaro Edition

