Bokaro: केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा ने अपनी उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाने का अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने बोकारो में आयोजित प्रेस वार्ता में दावा किया कि वर्ष 2014 के बाद देश की दिशा और दशा दोनों बदली हैं। उन्होंने कहा कि एक समय भारत की पहचान नीति-अनिश्चय और घोटालों से होती थी, लेकिन आज देश निर्णय क्षमता, सुशासन और नवाचार के लिए दुनिया में पहचान बना रहा है।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष देश के पुनर्निर्माण, गरीब कल्याण और राष्ट्रीय आत्मविश्वास को मजबूत करने वाले साबित हुए हैं। उन्होंने इसे “सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष” बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
झारखंड को मिला विशेष महत्व

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने झारखंड और आदिवासी समाज को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने का काम किया है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित करना और उलीहातू में संग्रहालय का निर्माण इसी सोच का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इससे आदिवासी इतिहास और संस्कृति को नई पहचान मिली है।

योजनाओं और विकास कार्यों का किया उल्लेख
अर्जुन मुंडा ने दावा किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से झारखंड के लाखों परिवारों को सीधा लाभ मिला है। साथ ही राज्य में सड़क, रेल और ग्रामीण बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था लागू होने के बाद सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और लाभार्थियों तक राशि सीधे पहुंच रही है, जिससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है।
राष्ट्रीय मुद्दों पर भी रखा पक्ष
प्रेस वार्ता के दौरान अर्जुन मुंडा ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों में राष्ट्रीय सुरक्षा, अनुच्छेद-370 हटाने, भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तीकरण, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत अभियान, राम मंदिर निर्माण और जी-20 की सफल मेजबानी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से गिनाया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया जैसे अभियानों ने देश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है और भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
2047 के लक्ष्य पर जोर
मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ‘पंच प्रण’ विकसित भारत के रोडमैप का आधार हैं। उन्होंने कहा कि गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, विरासत पर गर्व, राष्ट्रीय एकता, नागरिक कर्तव्य और विकसित भारत का संकल्प ही देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक बिरंची नारायण, रोहित लाल सिंह, संजय त्यागी, राजीव कंठ समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
(By CurrentBokaro Team)

